बालोतरा में RSPCB (राजस्थान स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड) के नोटिस के बाद 50 से अधिक निजी RO प्लांट बंद हो गए हैं। सप्लायर्स ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की है। शहर में RO पानी की सप्लाई रुकने से अस्पतालों, होटलों, गोशालाओं और धार्मिक संस्थाओं में पानी की कमी होने लगी है। शहर में 50 से अधिक निजी RO प्लांट चलते हैं। टैंकरों और दूसरे वाहनों से इन प्लांटों का पानी शहर के अलग-अलग इलाकों और रिफाइनरी क्षेत्र में पहुंचाया जाता है। पेयजल के लिए कई लोग निजी सप्लायर्स पर निर्भर हैं। सप्लाई बंद होने से आम लोगों के साथ व्यावसायिक और संस्थागत गतिविधियों पर भी असर पड़ा है। RO प्लांट संचालकों के मुताबिक, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (RSPCB) ने उनसे केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWD) की NOC मांगी है। नोटिस मिलने के बाद संचालकों ने प्लांट बंद कर दिए। संचालकों का कहना है कि जरूरी अनुमति और दस्तावेजों को लेकर स्थिति साफ होने तक पानी की सप्लाई शुरू करना संभव नहीं है। इसी वजह से निजी RO सप्लायर्स ने अनिश्चितकालीन बंद का फैसला लिया है। ट्यूबवेल के पानी का TDS अधिक, RO के बिना पीने योग्य नहीं बालोतरा क्षेत्र में निजी RO प्लांटों में मुख्य रूप से ट्यूबवेल के पानी को फिल्टर और शुद्ध करके सप्लाई किया जाता है। क्षेत्र के भूजल में TDS (टोटल डिजॉल्व्ड सॉलिड्स) की मात्रा अधिक होने के कारण पानी को सीधे पीने के उपयोग में लेना उपयुक्त नहीं माना जाता। ऐसे में RO प्लांटों के माध्यम से पानी को शुद्ध कर घरों, दुकानों और संस्थानों तक पहुंचाया जाता है। RO सप्लाई बंद होने से वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ गई है। अस्पतालों से लेकर गोशालाओं तक असर निजी RO वाटर सप्लाई बंद होने का असर अब शहर की आवश्यक सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। निजी अस्पतालों, होटलों, धार्मिक संस्थाओं और गोशालाओं में पानी की उपलब्धता को लेकर परेशानी बढ़ रही है। इन संस्थानों में रोजाना बड़ी मात्रा में पानी की आवश्यकता होती है। वहीं, रिफाइनरी क्षेत्र में भी टैंकरों के माध्यम से RO पानी की सप्लाई की जाती रही है। ऐसे में सप्लाई बंद रहने से शहर के साथ औद्योगिक क्षेत्र में भी वैकल्पिक व्यवस्था की जरूरत महसूस होने लगी है। इनका ये कहना मेरे पास अनिश्चित कालीन बदं की कोई सूचना नहीं आई। नोटिस जिनके पास NOC नहीं है, उनको नोटिस दिया गया है और जिनके पास NOC है पर कोई कमियां है उनकों नोटिस दिए गए हैं। शरद सक्सेना, RO, RSPCB