डीग जिले में पंचायतीराज चुनाव के बीच जुरहरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बामनवाड़ी में मंगलवार देर रात चुनावी विवाद को लेकर 2 पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वर्तमान सरपंच पक्ष के प्रतिनिधियों और संभावित प्रतिद्वंदी सरपंच प्रत्याशी पक्ष के बीच विवाद हुआ। इस दौरान संभावित सरपंच प्रत्याशी के पुत्र के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। घटना देर रात करीब 1:30 बजे गांव के पोलिंग बूथ के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बामनवाड़ी में सरपंच रुकमुद्दीन के भाई कालू और सरपंच प्रत्याशी आसू से जुड़े पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। सूचना के बाद जुरहरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से जुड़े 5 लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रात करीब 1:30 बजे कार्रवाई करते हुए पांचों को पकड़ा। गांव वालों ने जिनके नाम जमशेद, तारिक, मुकीम, अंसार और तामिल बताए हैं।