बांसवाड़ा के दानपुर थाना क्षेत्र के छोटी सरवन के पास कल रात बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक के शरीर पर गहरे घाव आए हैं, जिन्हें ठीक करने के लिए डॉक्टरों को 35 टांके लगाने पड़े हैं। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित जीतमल पुत्र गोतीया जो कि कमली पाड़ा का निवासी है, रात करीब साढ़े 11 बजे रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ लुटेरों ने उसे घेर लिया और उसके पास मौजूद 6 हजार रुपए और एक मोबाइल फोन लूट लिया। धारदार हथियार से किया ताबड़तोड़ हमला जब जीतमल ने इस लूट का विरोध किया, तो लुटेरों ने उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी पीठ और कमर के निचले हिस्से पर चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। वहीं, दानपुर थानाधिकारी दीपसिंह ने बताया- सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उस समय पीड़ित नशे में था और घटना की साफ जानकारी नहीं दे रहा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। अस्पताल में चल रहा इलाज घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे नकदी और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से जीतमल को तुरंत एमजी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां ट्रॉमा वार्ड में उसका इलाज जारी है