बांसवाड़ा-कलिंजरा हाईवे पर मंगलवार रात शराब से भरी पिकअप पलट गई। हादसे में चालक घायल हो गया, लेकिन इसके बाद मौके पर अलग ही नजारा देखने को मिला। पिकअप पलटते ही वहां से गुजर रहे लोगों में शराब की बोतलें उठाने की होड़ मच गई। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। कई लोग अंधेरे का फायदा उठाकर पिकअप से शराब की बोतलें निकालकर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को मौके से हटाया, लेकिन तब तक कई लोग बोतलें लेकर जा चुके थे। होटल के पास अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 बजे शराब से भरी पिकअप बांसवाड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान कलिंजरा बाइपास पर एक होटल के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। पिकअप हाईवे पर पलट गई। हादसे में चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। राहगीरों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। कोई बोतलें लेकर भागे लोग पिकअप पलटते ही वहां से गुजर रहे लोग रुकने लगे। कुछ ही देर में शराब की बोतलें उठाने की होड़ मच गई। कोई पिकअप से बोतलें निकालता नजर आया तो कोई उन्हें लेकर अंधेरे में ओझल हो गया। पुलिस के पहुंचने पर भी मौके पर भीड़ जमा थी। पुलिसकर्मियों ने लोगों को वहां से खदेड़ा, लेकिन तब तक कई लोग शराब की बोतलें लेकर जा चुके थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब सरकारी दुकान की बताई जा रही है। हालांकि, इसे कहां से लाया जा रहा था और कहां पहुंचाया जाना था, इसका पता नहीं चल सका। चुनाव ड्यूटी के चलते मौके पर पुलिसकर्मियों की संख्या भी कम थी। कलिंजरा थानाधिकारी तेजूसिंह ने बताया- शराब से भरी गाड़ी पलटने की जानकारी मिली थी। बची शराब दूसरी गाड़ी में भरी बाद में पुलिस ने ग्रामीणों और जेसीबी की मदद से पलटी हुई पिकअप को सड़क किनारे करवाया। वाहन में बची हुई शराब की बोतलों को मजदूरों की सहायता से एकत्रित किया गया और दूसरी गाड़ी में भरवाया गया।