बांसवाड़ा जिले में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण को लेकर पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली हैं। रविवार को जिला पुलिस लाइन में एसपी सुधीर जोशी की अध्यक्षता में चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग की गई। एसपी ने बताया कि तीसरे चरण के तहत जिले की 4 पंचायत समितियों बागीदौरा, गांगड़तलाई, आनंदपुरी एवं नाहरपुरा की कुल 133 ग्राम पंचायतों के 314 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया होगी। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए 16 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारी और 44 मोबाइल पार्टियों को मैदान में उतारा गया है। ब्रीफिंग के दौरान एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि वे राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करें। 200 मीटर तक इकट्ठा नहीं हो सकेगी भीड़ उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्राधिकार और ड्यूटी स्थल पर पूरी जानकारी के साथ उपस्थित रहकर स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करेगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृतकारी, थानाधिकारी और मोबाइल पार्टी प्रभारी संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और जोनल व एरिया मजिस्ट्रेट के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से काम करेंगे। उन्होंने बताया कि वोटिंग के दौरान मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी। राजनीतिक दलों के कैंप निर्धारित सीमा के बाहर ही स्थापित कराए जाएंगे। संवेदनशील क्षेत्रों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में रिजर्व पुलिस बल का तुरंत उपयोग कर स्थिति पर नियंत्रण पाया जाएगा। जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह, प्रलोभन या दबाव में न आएं. भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।