बारां जिला अस्पताल में नवजात की मौत के बाद पीएमओ डॉ. नरेंद्र मेघवाल ने 1 गार्ड, 2 नर्सिंग स्टाफ और 1 सिस्टर को हटा दिया। परिजनों के आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई। परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के दौरान पहले ऑपरेशन की बात कहकर महिला को कोटा रेफर करने के लिए कहा गया। बाद में नॉर्मल डिलीवरी कराई गई, जिसके बाद नवजात की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि डिलीवरी के बाद नर्स ने इनाम के नाम पर पैसे मांगे। उनका दावा है कि उन्होंने 1 हजार रुपए दिए। पीएमओ डॉ. नरेंद्र मेघवाल ने कहा कि लेबर रूम में किसी भी तरह का लेनदेन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।