बारां-मांगरोल स्टेट हाईवे पर सड़क का काम धीमी गति से चल रहा है। करीब 170 से 184 करोड़ रुपए की योजना के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिली है। 28 किमी का सफर तय करने में वाहन चालकों को डेढ़ घंटे तक लग रहे हैं। सड़क की कुल लंबाई 40.8 किमी है। बारां, बोहत और मांगरोल में ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए 3 बाईपास बनाने की योजना है। प्रस्तावित बजट में जमीन अधिग्रहण का मुआवजा भी शामिल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। बारिश में रास्ते पर पानी भर जाता है। दुपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं और वाहनों के रखरखाव का खर्च बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) सिर्फ गड्ढों की मरम्मत कर रहा है। विधायक प्रमोद जैन भाया ने यह मुद्दा विधानसभा में उठाया और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को पत्र लिखकर काम में तेजी लाने की मांग की। अक्टूबर में जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा और PWD सचिव की बैठक हुई थी। इसमें निर्माण कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए।