बारां में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के मतदान से पहले सोमवार को मतदाताओं को पीले चावल देकर मतदान का न्योता दिया गया। यह पहल शत-प्रतिशत मतदान के लिए स्वीप के तहत की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बालमुकुंद असावा और सीईओ एवं स्वीप नोडल अधिकारी शिवेंद्र प्रताप के निर्देशन में अंता, मांगरोल, किशनगंज और शाहाबाद पंचायत मुख्यालयों पर यह गतिविधि हुई। विकास अधिकारियों और ब्लॉक स्वीप समन्वयकों के नेतृत्व में स्वीप दल बाजारों में पहुंचा। दल ने व्यापारियों को पीले चावल दिए और परिवार सहित मतदान के दिन बूथ पर जाकर वोट डालने की अपील की। सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने बताया कि किशनगंज में पन्नालाल मेघवाल, शाहाबाद में रामविलास मीणा और मांगरोल में राजेंद्र कुमार के निर्देशन में गतिविधि हुई।ा इस दौरान सहायक अभियंता पूनम चंद मेघवाल सहित ग्राम विकास अधिकारी, पीईईओ, प्रिं​सिपल और अन्य कार्मिकों ने पीले चावल बांटकर मतदान की अपील की।