बारां में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के लिए 418 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके लिए सोमवार को मतदान दल को रवाना किया गया है। मांगरोल रोड स्थित राजकीय कृषि महाविद्यालय में अंतिम प्रशिक्षण के बाद दलों को केंद्रों के लिए भेजा गया है। जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा और पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने रविवार देर शाम एग्रीकल्चर कॉलेज पहुंचकर प्रशिक्षण और रवानगी की तैयारियों का जायजा लिया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिवेन्द्र प्रताप सिंह सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे। तीसरे चरण में पंचायत समिति नाहरगढ़, केलवाड़ा, किशनगंज, शाहबाद, मांगरोल और अंता में चुनाव होंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 3 नवंबर को मतदान होगा। सरपंच और पंच पदों के लिए 5 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। 2300 जवान संभालेंगे व्यवस्था कुल 418 केंद्रों में नाहरगढ़ के 55, किशनगंज के 78, केलवाड़ा के 71, शाहबाद के 75, मांगरोल के 61 और अंता के 78 केंद्र शामिल हैं। मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण और मतदान सामग्री देकर आवंटित वाहनों से पुलिस सुरक्षा में रवाना किया जा रहा है। परिवहन विभाग ने 400 वाहनों की व्यवस्था की है। सुरक्षा के लिए 2300 पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं।