बारां जिले में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। हालांकि कई जगह 6 बजे बाद भी वोटरों की लाइन देखी गई। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के लिए जिले में कुल 69.62% मतदान हुआ। जिला परिषद सदस्य के 13 और 6 पंचायत समितियों के 90 सदस्य पदों के लिए मतदान हुआ। इन पदों पर कुल 299 उम्मीदवार मैदान में थे। तीसरे चरण में नाहरगढ़, केलवाड़ा, किशनगंज, शाहबाद, मांगरोल और अंता पंचायत समितियों में मतदान हुआ। सरपंच और पंच पदों के लिए 5 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। चुनाव के लिए कुल 418 मतदान केंद्र बनाए गए। इनमें नाहरगढ़ में 55, किशनगंज में 78, केलवाड़ा में 71, शाहबाद में 75, मांगरोल में 61 और अंता में 78 केंद्र थे। परिवहन विभाग ने 400 वाहनों की व्यवस्था की। सुरक्षा के लिए 2,300 पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।