बारां की परवन नदी में मायथा एनीकट के भराव क्षेत्र में 2 नावों से रेत निकाली जा रही है। आसपास 7 अन्य नावें भी छिपाकर रखी गई हैं। नावों में पंप लगाकर नदी की तलहटी से रेत खींची जा रही है। रेत किनारे जमा करने के बाद ट्रैक्टरों में भरकर ले जाई जा रही है। खनन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि परवन नदी में रेत निकालने की कोई अधिकृत लीज नहीं है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन की जानकारी नहीं है। ऐसा होने पर मौके पर कार्रवाई की जाएगी। कुंजेड चौकी के एएसआई विरेंद्र ने कहा कि नाव से रेत निकालने की जानकारी उन्हें नहीं है। मौके पर जांच की जाएगी और अवैध खनन मिलने पर उसे रोका जाएगा। खनन से नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण पर असर पड़ने की आशंका है। पानी में बिना सुरक्षा इंतजामों के काम कर रहे श्रमिकों की जान को भी खतरा है।