बारां में राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के जिला प्रशिक्षण केंद्र मृदुल भवन, कोटा रोड पर तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्यपाल पुरस्कार अभिशंसा शिविर संपन्न हुआ। शिविर का समापन राष्ट्रगान और ध्वजावतरण के साथ हुआ। जिले के अलग-अलग स्कूलों से आए करीब 200 स्काउट्स और रोवर्स ने इसमें हिस्सा लिया। दूसरे दिन स्काउट नियम, प्रतिज्ञा, प्रार्थना, प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन की मौखिक और व्यावहारिक परीक्षा हुई। सैद्धांतिक ज्ञान के लिए लिखित परीक्षा भी रखी गई। शाम को देशभक्ति और लोक संस्कृति पर आधारित कैम्प फायर हुआ। आखिरी दिन सर्वधर्म प्रार्थना और ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि, सहायक राज्य संगठन आयुक्त स्काउट दिलीप कुमार माथुर ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल पुरस्कार परिश्रम, चरित्र और सेवा भावना का सम्मान है। स्काउटिंग हमेशा तैयार रहने और निस्वार्थ सेवा का रास्ता दिखाती है। सी.ओ. स्काउट एवं गाइड सुनीता मीणा ने कहा कि यह शिविर नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और व्यक्तित्व निर्माण में मदद करता है। ए.एल.टी. राजेन्द्र कुमार शर्मा ने तकनीकी मार्गदर्शन दिया। अंत में स्थानीय संघ किशनगंज के सचिव ब्रजगोविंद टेलर ने सभी का आभार जताया।