बरेली में मंगलवार दोपहर में भाजपा, ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालेगी। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शामिल होंगे। दोनों नेता करीब तीन घंटे शहर में रहेंगे। पहले राजेंद्र नगर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद जैसे ही जनसभा खत्म होगी। यहीं से कार्यकर्ताओं के साथ करीब 2.15 किलोमीटर लंबी पदयात्रा पर निकलेंगे। पदयात्रा बांके बिहारी मंदिर और सील चौराहा होते हुए शहीद पंकज अरोड़ा चौक पर आकर खत्म होगी। जनसभा और पदयात्रा में मंडल के सांसद, विधायक और जिलाध्यक्ष भी शामिल होंगे। दावा है कि इसमें 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता आएंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा दोपहर में 12 बजे के करीब दिल्ली से और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ से बरेली पहुंचेंगे। यहां से सीधे स्वयंवर बारातघर जाएंगे। यहां पर जनसभा को सम्बोधित करेंगे। साढ़े 12 बजे के करीब जनसभा खत्म होगी। जनसभा खत्म होते ही यहीं से दोनों नेता पदयात्रा पर निकलेंगे। एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी ने बताया कि पदयात्रा का उद्देश्य विपक्ष की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ जनता तक संदेश पहुंचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष भाजपा सरकार के फैसलों पर अनर्गल आरोप लगाता है। पदयात्रा के जरिए विपक्ष को जवाब दिया जाएगा।