बाड़मेर में फीस बढ़ोतरी सहित तीन मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बैनर तले विद्यार्थियों ने कॉलेज गेट के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्राचार्य बाहर आए और विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं। विद्यार्थियों ने कुलगुरु के नाम का ज्ञापन प्राचार्य को सौंपा। प्राचार्य ने मांगों को विश्वविद्यालय तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। विद्यार्थियों की प्रमुख मांग बढ़ी हुई परीक्षा फीस के आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की है। नगर मंत्री महिपाल सिंह राठौड़ ने बताया- जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय (JNVU) में परीक्षा शुल्क प्रदेश के अन्य सरकारी विश्वविद्यालयों के मुकाबले करीब तीन गुना तक महंगा हो गया है। विश्वविद्यालय ने एक सेमेस्टर का परीक्षा शुल्क बढ़ाकर 2,970 रुपए और सालाना शुल्क 5,940 रुपए कर दिया है। वहीं, बीकानेर विश्वविद्यालय में एक सेमेस्टर का परीक्षा शुल्क मात्र 700 रुपए है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन साल में परीक्षा शुल्क में करीब 393 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। परीक्षा शुल्क के साथ अतिरिक्त शुल्क वसूलने का भी विरोध ज्ञापन में बताया गया कि परीक्षा शुल्क के अलावा डाटा हैंडलिंग के नाम पर 550 रुपए और ऑनलाइन फॉर्म फीस के नाम पर 450 रुपए अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं। परिषद ने इन शुल्कों को अनुचित बताते हुए हटाने की मांग की है। इसके अलावा दीपावली की छुट्टियों के बीच ही परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि 7 नवंबर तय करने और वेबसाइट में तकनीकी समस्याओं के कारण विद्यार्थियों को फॉर्म भरने में परेशानी हो रही है। परिषद ने इन समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। ABVP ने रखीं तीन प्रमुख मांगें परिषद ने ज्ञापन के माध्यम से तीन मांगें रखी हैं। इनमें बढ़ी हुई परीक्षा फीस को तत्काल कम कर प्रदेश के अन्य सरकारी विश्वविद्यालयों के समान करने, परीक्षा शुल्क के नाम पर वसूले जा रहे अतिरिक्त शुल्क हटाने और परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 7 से 10 दिन बढ़ाने की मांग शामिल है। मांगें नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी परिषद के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो ABVP को विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए उग्र आंदोलन करना पड़ेगा।