बाड़मेर के बायतु इलाके में मंगलवार दोपहर एक घर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में दो झोपड़े और उनमें रखा सामान जलकर राख हो गया। हादसे के समय परिवार के लोग खेत में काम कर रहे थे। घर से धुआं उठता देखकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद आसपास के ग्रामीण भी मदद के लिए पहुंच गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार, बायतु पनावड़ा गांव निवासी लुंबाराम रायसिंगाराम गोदारा का परिवार दोपहर के समय खेत में काम कर रहा था। घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान घर में बने दो झोपड़ों में आग लग गई। धुआं देखकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने लगे, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। दो ट्रैक्टर टंकियों से पानी और रेत डालकर बुझाई आग आग का धुआं देखकर पड़ोसी मांगीलाल देवासी और केशाराम डेलू मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। इसके बाद करीब 50 से 60 ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने दो ट्रैक्टर टंकियां मंगवाईं और पानी व रेत की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दोनों झोपड़े और उनमें रखा सामान जलकर राख हो चुका था। चार क्विंटल बाजरा और घरेलू सामान जला पीड़ित परिवार के अनुसार, आग से करीब 4 क्विंटल बाजरा, 4 बोरी मोठ, 40 मण चारा, 2 बोरी मतीरा और 5 खाट जल गईं। इसके अलावा घर का अन्य घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आकर दो खाली गैस सिलेंडर भी जल गए। गनीमत रही कि दोनों सिलेंडर खाली थे। यदि उनमें गैस भरी होती तो हादसा और गंभीर हो सकता था।