बाड़मेर में पंचायती राज चुनाव के दो चरणों में मतदान होने के बाद बीजेपी ने जिला परिषद और पंचायत समिति के प्रत्याशियों को ऑफिस बुलाया। वहां से बाड़ेबंदी में भेज दिया गया। हालांकि, बीजेपी जिलाध्यक्ष ने प्रत्याशियों को ट्रेनिंग दिलवाने के लिए ले जाने की बात कही है। बीजेपी ने दावा किया है कि बहुमत के साथ जिला प्रमुख बनाने जा रही है। वहीं 17 पंचायत समितियों में बीजेपी का प्रधान बनाने जा रहे हैं। दरअसल, बाड़मेर जिले के 37 जिला परिषद वार्ड और 17 पंचायत समितियों के 269 वार्डाे में चनुाव प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब 20 नवंबर को एक साथ मतगणना होगी। इसके बाद जिला प्रमुख, प्रधान के लिए मतदान होगा। बीजेपी ने शनिवार शाम को सभी प्रत्याशियों को बीजेपी कार्यालय बुलाया गया। वहां से बस, गाडियों से सभी को बाड़ेबंदी में भेजा गया है। इस दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई, विधायक प्रियंका चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूपसिंह खारा समेत बीजेपी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बीजेपी जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई ने कहा- भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी मजबूती और ताकत से चुनाव लड़ा है। मुझे पूरा भरोसा है कि मेरे कार्यकर्ताओं और बाड़मेर की आम जनता पर जिन्होंने इस बार कांग्रेस मुक्त बाड़मेर करने का संकल्प लेकर मतदान किया है। इस बार जिला प्रमुख और पंचायत समितियों में कमल का फूल खिलेंगा। भारतीय जनता पार्टी विचार संगठन पार्टी है। पार्टी का सिस्टम है कि सभी कार्यकर्ताओं को एक साथ बैठाकर आने वाले समय में क्षेत्र में कैसे काम करेंगे। इसको लेकर ट्रेनिंग के लिए आने वाले दिनों में एक रहेंगे। सभी पंचायत समितियों और जिला परिषद की एक ही जगह ट्रेनिंग होगी।