बाड़मेर में लेपर्ड की सूचना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पहाड़ी इलाके का जायजा लिया। फिलहाल एक अजनबी जानवर खनन किए हुए पत्थरों के बीच छिपा हुआ है। वन विभाग की टीम उसकी निगरानी कर रही है। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि वह लेपर्ड है या कोई दूसरा वन्यजीव। पत्थरों से बाहर आने के बाद ही उसकी पहचान हो सकेगी। दरअसल, बाड़मेर जिला मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर दूर लंगेरा गांव में दोपहर के समय पहाड़ी इलाके में ग्रामीणों ने एक अजनबी जानवर देखा। इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी गई। इसके बाद वन विभाग को भी सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि जानवर पहाड़ी पर खनन के बाद पड़े पत्थरों के बीच जाकर छिप गया। इसके बाद से गांव के लोगों में डर का माहौल है। वन विभाग की टीम ने शुरुआती जांच में लेपर्ड होने की पुष्टि नहीं की है। आटी गांव निवासी हुकमाराम ने बताया - लेपर्ड को देखने के बाद इसकी सूचना लोगों को दी थी। रेंजर विकास चौधरी ने बताया - लंगेरा गांव के पहाड़ी इलाके में अजनबी जानवर होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और सबसे पहले जानवर देखने वाले व्यक्ति से पूछताछ की। अभी यह कंफर्म नहीं हो पाया है कि वह कौनसा वन्यजीव है। पत्थरों को हटाने से जानवर को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसलिए टीम इंतजार कर रही है कि वह खुद बाहर आए। इसके बाद ही उसकी पहचान हो सकेगी।