बाड़मेर में सरपंच चुनाव के बाद पोलिंग पार्टी की ओर से मतदान केंद्र पर शराब पार्टी करने का मामला सामने आया है। वीडियो में बूथ पर शराब और बीयर की बोतलें नजर आ रही हैं। प्रारंभिक तौर पर वीडियो शुक्रवार की रात का है, जिसे शिव पंचायत समिति की झांफली कलां ग्राम पंचायत के सरकारी स्कूल में बने बूथ संख्या 30 का बताया जा रहा है। फिलहाल प्रशासन ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हालांकि झांफली कलां के रिटर्निंग ऑफिसर हरपाल सिंह का कहना है- हम काउंटिंग के बाद बूथ के आगे खड़े थे। इस दौरान किसी ने शराब की बोतलें वहां पर रखी दीं। हमें नहीं पता किसने रखी हैं। हमें अंदेशा है कि हारने वाली पार्टी ने रखी थी। वीडियो सामने आने के बाद एसडीएम ने जोनल ऑफिसर को मौके पर भेजकर जांच शुरू करवा दी है। पहले देखिए- शराब पार्टी की 2 तस्वीरें अब पढ़िए- वीडियो में क्या सामने आया पहला वीडियो (10 सेकेंड): इसमें एक चुनाव कर्मी मोबाइल देखता नजर आ रहा है। उसके पास शराब की बोतलें रखी हैं। इसी दौरान एक अन्य युवक आकर खाली बोतल उठाकर ले जाता दिखाई दे रहा है, पास में कुछ लोग खाना खा रहे हैं। दूसरा वीडियो (8 सेकेंड): एक कर्मचारी बैठा है और उसके पास बीयर की दो बोतलें रखी हैं। इस दौरान वहां मौजूद लोग चुनाव और बूथ पर पड़े वोटों को लेकर चर्चा कर रहे हैं। हालांकि दोनों ही वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पांच दिन तक बूथ पर रुकी थीं पोलिंग पार्टियां जानकारी के अनुसार, पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में बाड़मेर जिले की 7 पंचायत समितियों में चुनाव करवाने के लिए 27 अक्टूबर को पोलिंग पार्टियां पीजी कॉलेज से रवाना हुई थीं। चुनाव प्रक्रिया के तहत पार्टियां बूथों पर ही रुकी हुई थीं। पोलिंग पार्टियां करीब 5 दिन तक मतदान केंद्रों पर ठहरी रहीं। शुक्रवार को सरंपच पद के मतदान की रात भी पोलिंग पार्टी, केंद्र पर ही रुकी थी। शनिवार को उपसरपंच का चुनाव करवाने के बाद इन पार्टियों को बूथों से रवाना होना था। इसी दौरान मतदान केंद्र पर शराब पार्टी किए जाने का मामला सामने आया, जिसका वीडियो बूथ पर तैनात किसी कर्मचारी द्वारा ही बनाने की संभावना है। एसडीएम ने जोनल ऑफिसर को जांच के लिए भेजा शिव एसडीएम वीरमाराम ने मामले को संज्ञान में लिया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया वीडियो झांफली कलां गांव का होने की संभावना है। जोनल ऑफिसर (ZO) को जांच के लिए झांफली कलां ग्राम पंचायत के बूथ पर भेजा गया है। वीडियो में मौजूद कर्मचारियों की भी पहचान की जा रही है। री-काउंटिंग की मांग नहीं मानने का आरोप झांफली कलां ग्राम पंचायत से उगमदान सरपंच निर्वाचित हुए हैं। उन्हें कुल 1358 वोट में से 83 वोट मिले थे। जबकि करणीदान को 673 वोट मिले थे। करणीदान के एजेंट महेंद्रसिंह ने बताया- जीत हार में मार्जिन 10 वोट का रहने पर हमने रिटर्निंग ऑफिसर को फिर से काउंटिंग करने के लिए कहा था। लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने मतदान केंद्र पर ही शराब पार्टी की और प्रत्याशी करणीदान को लेकर अपशब्द भी कहे थे। जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर मामले की जांच की मांग की है।