पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को ब्यावर जिले की चार पंचायत समितियों जैतारण, जवाजा, नरबदखेड़ा और रास की 116 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी है। मॉक पोल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुबह सभी मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हो गई। इस चरण में 3,85,950 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर गांव की सरकार चुनेंगे। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए 414 मुख्य और दो सहायक केंद्रों सहित कुल 416 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 75 संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्र चिह्नित किए गए हैं, जहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह नजर आ रहा है और सुबह से ही केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। ब्यावर कलेक्टर और एसपी ने सौवनिया-मालीपुरा मतदान केंद्र का किया निरीक्षण चार पंचायत समितियों में 3.85 लाख मतदाता जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीणा के अनुसार, चारों पंचायत समितियों में 116 ग्राम पंचायतें, 14 जिला परिषद वार्ड, 68 पंचायत समिति वार्ड और 1,084 ग्राम पंचायत वार्ड हैं। कुल 3,85,950 मतदाताओं में 1,96,895 पुरुष, 1,89,051 महिलाएं और चार ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। ग्रामीण मतदाता ईवीएम के माध्यम से अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर रहे हैं। लसाड़िया बूथ पर ईवीएम में तकनीकी खराबी मतदान के दौरान बूथ नंबर 41 लसाड़िया पर ईवीएम में तकनीकी खराबी की सूचना सामने आई। मॉक पोल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मशीन में तकनीकी समस्या आ गई, जिससे मतदान प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर निर्वाचन अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा मशीन को दुरुस्त करने में जुट गए। तकनीकी खामी के चलते मतदान केंद्र पर मतदाताओं को इंतजार करना पड़ा। विधायक शंकर सिंह रावत ने पत्नी के साथ किया मतदान ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत ने अपनी पत्नी के साथ किशनपुरा स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने मतदान कर ग्रामीण लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाई। मतदान केंद्रों पर महिला मतदाताओं और युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। 75 संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा मतदान व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिले में 58 जोन बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। वहीं, संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अति संवेदनशील केंद्रों पर सशस्त्र पुलिस बल और अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। अधिकारी कर रहे मतदान केंद्रों का निरीक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीणा, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़, ब्यावर निर्वाचन अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ और पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र पारीक विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। अधिकारी मतदान प्रक्रिया के साथ सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की टीमें लगातार मतदान केंद्रों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।