पाली जिले के फालना इलाके में सरपंच प्रत्याशी का शव मिला है। मृतक तलसाराम मेघवाल (30) ने बेडल ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ा था। 30 अक्टूबर को सेकंड फेज में हुए चुनाव में वे हार गए थे, उन्हें 113 वोट मिले थे। तलसाराम रविवार रात घर से दुकान जाने के लिए कह कर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। सोमवार की सुबह 8 बजे पिता भीमाराम रामदेव मंदिर पूजा करने पहुंचे तो मंदिर के पीछे बेटे का शव मिला। मोबाइल मंदिर की छत पर पड़ा मिला। मामला फालना थाना क्षेत्र के बेडल ग्राम पंचायत के बिरोलिया गांव का है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। तलसाराम के दो बेटे और एक बेटी हैं। वे माता-पिता के साथ रहते थे। घटना की जानकारी मिलते ही फालना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। दुकान पर जाने का कहकर घर से निकले थे पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फालना थानाधिकारी पन्नालाल ने बताया - तलसाराम मेघवाल रविवार रात दुकान पर जाने का कहकर घर से निकले थे। बहन ने बताया कि घर से निकलते समय वे कहकर गए थे कि वापस आकर खाना खाएंगे, लेकिन रातभर घर नहीं लौटे। पूजा करने गए पिता को मंदिर के पीछे मिला शव सोमवार सुबह पिता भीमाराम रामदेवजी मंदिर में पूजा करने गए थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उन्हें मंदिर के पीछे एक युवक के पड़े होने की जानकारी दी। भीमाराम मौके पर पहुंचे तो वहां उनका बेटा तलसाराम मृत अवस्था में मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। फालना थानाधिकारी पन्नालाल ने बताया - युवक के सिर पर चोट के निशान हैं। मौत किन कारणों से हुई, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।