झीलों की नगरी उदयपुर में दिवाली का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। रोशनी के इस त्योहार पर शहर की खूबसूरती देखते ही बन रही है। खासतौर पर फतहसागर झील के बीच स्थित नेहरू गार्डन रंग-बिरंगी लाइटिंग से दमक उठा है। यूडीए द्वारा कराई गई जगमगाती रोशनी के बीच गार्डन का नजारा बेहद आकर्षक दिखाई दे रहा है। झील के पानी में लाइटिंग की चमक प्रतिबिंबित होने से पूरा दृश्य मनमोहक नजर आ रहा है। पानी के बीच रोशनी से नहाया गार्डन शहर की सुंदरता में चार चांद लगा रहा है। शाम ढलते ही यहां का नजारा और भी खूबसूरत हो जाता है। उदयपुर की पहचान उसकी खूबसूरत झीलों, ऐतिहासिक इमारतों और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों से है। त्योहारों के दौरान शहर की सजावट इस आकर्षण को और बढ़ा देती है। फतहसागर झील और नेहरू गार्डन की जगमगाहट दिवाली के उत्सवी माहौल को खास बना रही है।