दीपावली से पहले हनुमानगढ़ के भादरा में खाद्य सुरक्षा दल ने 50 किलो खराब मिठाइयां नष्ट करवाईं। दल ने खाद्य पदार्थों के 6 नमूने भी लिए। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूने लेने का अभियान चल रहा है। बाजार, मिठाई की दुकानों, किराना प्रतिष्ठानों और खाद्य सामग्री के थोक विक्रेताओं पर निगरानी रखी जा रही है। 30 अक्टूबर को भादरा में दल ने मै. श्री श्याम मावा मिष्ठान भंडार, नेठराना से घी और बेसन के लड्डू के नमूने लिए। मै. शिव गोरख मिष्ठान भंडार से मावा, मै. जगदम्बा जोधपुर मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई और बेसन के लड्डू, जबकि मै. श्री श्याम एंटरप्राइजेज से चना दाल का नमूना लिया गया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि सभी नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई होगी। जांच के दौरान मैसर्स जगदम्बा जोधपुर मिष्ठान भंडार से करीब 50 किलो खराब लड्डू मिठाई, जलेबी, सैंडविच, गुलाबजामुन और रसगुल्ला नष्ट करवाए गए। दल ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के भंडारण, पैकिंग, बनाने और बेचने में तय खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अर्चना यादव और ड्राइवर गुरुशरण सिंह मौजूद रहे।