भरतपुर के मथुरा गेट थाना इलाके में एक अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी। घटना में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने बेटे की शादी के कार्ड बांटकर घर जा रहा था उस समय यह घटना हुई। टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं लग पाया है। पुलिस वाहन का पता लगाने में जुटी हुई है। शव की तलाशी के बाद हुई शिनाख्त मथुरा गेट थाने ASI तारा चंद ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक अज्ञात शव आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा हुआ है, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव की तलाशी ली गई तो, शव की शिनाख्त चंद्रपाल निवासी जघीना के रूप में हुई, जिसके बाद मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। 22 नवंबर को बेटे की शादी थी मृतक के परिजनों ने बताया कि चंद्रपाल सुबह घर से अपने बेटे के शादी के कार्ड बांटने के लिए गया था। कार्ड बांटकर घर आते समय सारस चौराहे के पास उसकी बाइक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, जिसमें उसकी मौत हुई है। चंद्रपाल के बेटे की शादी 22 नवंबर की थी। चंद्रपाल शादी की तैयारियों में लगा हुआ था।