भरतपुर से कांग्रेस के करीब 500 कार्यकर्ता दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में शामिल होने के लिए रवाना हो गए हैं। कार्यकर्ता करीब 150 वाहनों से दिल्ली जा रहे हैं। कांग्रेस की ओर से आयोजित इस महारैली में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। अपने वाहनों से दिल्ली रवाना हुए कार्यकर्ता कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश सूपा ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के आह्वान पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत महारैली आयोजित की गई है। इसमें शामिल होने के लिए भरतपुर जिले से कार्यकर्ता अपने वाहनों से दिल्ली रवाना हुए हैं। सभी कार्यकर्ता रामलीला मैदान पहुंचकर महारैली में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से कांग्रेस संगठन को और मजबूती मिलेगी। राजस्थान से एक लाख कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा दिनेश सूपा ने बताया कि महारैली में करीब 10 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। राजस्थान से एक लाख कार्यकर्ताओं को रामलीला मैदान पहुंचने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। कुछ दिनों बाद होने वाले पंचायत चुनावों में भी कांग्रेस को इसका फायदा मिलेगा और पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। SIR के जरिए वोट चोरी का लगाया आरोप कांग्रेस ने इस महारैली का आयोजन SIR के मुद्दे पर विरोध जताने के लिए किया है। दिनेश सूपा ने आरोप लगाया कि भाजपा SIR को हथियार बनाकर फर्जी वोट जुड़वा रही है और असली मतदाताओं के नाम कटवा रही है। इसी के विरोध में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि रात से ही कार्यकर्ताओं का दिल्ली रवाना होना शुरू हो गया था।