भरतपुर के मथुरा गेट थाना इलाके में सुजान गंगा नहर में मंगलवार सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला। युवक 30 अक्टूबर की शाम घर से बाइक लेकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 1 नवंबर को अटलबंद थाने में उसकी गुमशुदगी की FIR दर्ज करवाई थी। युवक की बाइक नहर के पास ही खड़ी मिली। उसकी एक साल पहले ही शादी हुई थी। अटलबंद थाने के ASI राजेंद्र कुमार ने बताया - मंगलवार सुबह पुलिस को सुजान गंगा नहर में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से निकलवाकर आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। मृतक की गुमशुदगी की FIR अटलबंद थाने में दर्ज थी। 30 अक्टूबर की शाम घर से निकला था शव की शिनाख्त उदय (22) निवासी हरिजन बस्ती, अनाह गेट के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों ने बताया कि उदय 30 अक्टूबर की शाम बाइक लेकर घर से निकला था। वह बिना किसी को कुछ बताए गया था। इसके बाद से घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 1 नवंबर को अटलबंद थाने में उदय की गुमशुदगी की FIR दर्ज करवाई गई। पुलिस ने भी उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह उसका शव सुजान गंगा नहर में मिला। नहर के पास ही उसकी बाइक भी खड़ी हुई थी।