आरबीएम हॉस्पिटल के मेन गेट पर शुक्रवार शाम सर्जरी के महंगे उपकरणों और इम्प्लांट्स से भरा बैग लावारिस हालत में मिला। एक अज्ञात युवक बैग को गेट पर रखकर चला गया था। काफी देर तक जब कोई बैग लेने नहीं पहुंचा, तो सुरक्षा गार्डों ने जांच की। उसमें सर्जरी का सामान मिलने पर चोरी की आशंका जताई गई और बैग अस्पताल प्रशासन को सौंप दिया गया। पीएमओ बोले- कर्मचारी से भूलवश रह गया था बैग हॉस्पिटल के पीएमओ डॉ. नगेंद्र भदौरिया ने बताया कि हॉस्पिटल में एक मरीज की सर्वाइकल इंजरी की सर्जरी होनी थी, जिसके लिए सप्लायर फर्म से इम्प्लांट्स मंगवाए गए थे। फर्म का कर्मचारी गलती से बैग को मेन गेट पर भूल गया था। बाद में पुष्टि होने पर बैग संबंधित फर्म को सुरक्षित लौटा दिया गया। कॉन्ट्रैक्ट आधार पर आते हैं महंगे इम्प्लांट पीएमओ ने बताया- ये उपकरण और इम्प्लांट्स काफी महंगे होते हैं, इसलिए अस्पताल प्रशासन कंपनियों के साथ 'रेट कॉन्ट्रैक्ट' के तहत इन्हें मंगवाता है। प्रक्रिया के अनुसार, सर्जरी के दौरान जितने इम्प्लांट्स इस्तेमाल होते हैं, केवल उन्हीं का भुगतान कर बाकी सामान कंपनी को वापस सौंप दिया जाता है।