भरतपुर के पूर्व राजपरिवार सदस्य और पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने टिकट वितरण को लेकर एक बार फिर कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने डीग कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव सिंह पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि पंचायत समिति चुनावों के लिए बांटे गए टिकटों के मामले में उनसे किसी भी प्रकार का विचार-विमर्श नहीं किया गया। यह फैसला पूरी तरह जिलाध्यक्ष का निजी फैसला और स्वार्थ है। उनकी इस पोस्ट के बाद कांग्रेस के 14 साल जिलाध्यक्ष रहे गोविंद शर्मा ने भी मामले में कांग्रेस के अरशद के खिलाफ फेसबुक पर पोस्ट कर आरोप लगाए हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने लिखा - जो प्रत्याशी अपने निजी स्वार्थ के लिए मेरे फोटो का इस्तेमाल अपने प्रचार में कर रहे हैं। उनसे मेरा कोई सरोकार नहीं है और न ही मेरी उनको कोई शुभकामनाएं या समर्थन है। मैं भरतपुर-डीग की जनता के साथ था, हूं और, हमेशा रहूंगा। मेरी शुभकामनाएं सिर्फ जनता के सच्चे सेवकों के साथ हैं, न कि चंद लोगों की मनमानी से बांटे गए टिकटों के साथ।' विश्वेंद्र सिंह ने लिखा- जनता के सामने करूंगा बड़ा खुलासा विश्वेंद्र सिंह ने एक और पोस्ट शेयर की है, जिसमें लिखा कि दूसरे प्रदेशों के आकर धनबल के दम पर जिला प्रमुख बनने का सपना देख रहे प्रत्याशी सावधान हो जाएं। बैंक खाता और किरायानामा को आधार बनाकर सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के सभी गैर कानूनी और फर्जी दस्तावेज जमा कर लिए गए हैं। जल्दी ही एक बड़ा खुलासा जिले की जनता के सामने पेश करते हुए SOG में आपराधिक मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा। गोविंद शर्मा ने भी पोस्ट कर लगाया आरोप विश्वेंद्र सिंह की फेसबुक पोस्ट के बाद कांग्रेस के 14 साल जिलाध्यक्ष रहे गोविंद शर्मा ने भी डीग जिलाध्यक्ष को लेकर बड़ा खुलासा किया है। शर्मा ने पोस्ट कर लिखा- अरशद, जो भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष बताए जाते हैं, अब कांग्रेस पार्टी के चुनाव चिह्न पर अपने पिता मेव खां के नाम से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके संबंध में साइबर अपराध से जुड़े होने की चर्चाएं और टिकट पैसे देकर हासिल करने के आरोप भी सामने आ रहे हैं। फेसबुक पर लिखा- पूर्व विधायक की बेटी जिला प्रमुख बनने का ख्वाब देख रही विश्वेंद्र सिंह ने फेसबुक पर लिखा- "आगरा (उत्तर प्रदेश) से पूर्व विधायक गुटियारी सिंह की पुत्री पूजा दुवेश भाजपा का टिकट लेकर भरतपुर का जिला प्रमुख बनने का ख़्वाब देख रही है, ऐसे बाहरी लोगों ने तत्काल में अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाया है। पूजा दुवेश का नाम दो-दो राज्यों उत्तर प्रदेश और राजस्थान की वोटर लिस्ट में शामिल हैं, जो कि सरासर नियमों के विरुद्ध और लोकतंत्र के साथ धोखा है। जिला प्रशासन से आग्रह करता हूं कि ऐसे फर्जी मतदाताओं के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। पूजा दुवेश के फर्जी मतदाता होने के सारे सबूत जिला प्रशासन और जनता जनार्दन के समक्ष रख रहा हूं।" नगर निकाय चुनावों में भी साधा था निशाना इससे पहले भी नगर निकाय चुनावों को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह भरतपुर कांग्रेस जिला अध्यक्ष दिनेश सूपा और डीग कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी पर निशाना साध चुके हैं। ये खबर भी पढ़ें… विश्वेंद्र सिंह बोले- भरतपुर-डीग में चहेतों को टिकट बांटे:कहा- जनता को ​कब्र में दफनाया ​था, अब जनता उसी ​कब्र में डोटासरा को दफनाने के लिए तैयार पूर्व कैबिनेट मंत्री और राजपरिवार के पूर्व सदस्य विश्वेंद्र सिंह ने नगर निकाय चुनावों के नतीजों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। पढ़ें पूरी खबर…