झालावाड़ जिले के भवानी मंडी में खाद्य सुरक्षा दल ने दीपावली अभियान के तहत 6 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान खाद्य पदार्थों के 9 नमूने लिए गए। अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद साजिद ने बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान अविचल चतुर्वेदी और जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ के निर्देशन में ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान चलाया जा रहा है। डॉ. साजिद के मुताबिक, केसर बाटी, रसगुल्ला, बेसन के लड्डू, अचार और ड्राई फ्रूट्स समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिए गए। इन्हें जांच के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्रयोगशाला, कोटा भेजा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई होगी। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी जी.एस. गुर्जर, भूराराम गोदारा, आशीष सिंह कुशवाहा, सुनील कुमार, प्रवीण कुमार एवं जगदीश चंद्र नागर सहित खाद्य सुरक्षा दल के सदस्य मौजूद रहे।