भीलवाड़ा जिले में शनिवार की दोपहर दो स्कॉर्पियो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों गाड़ियों में सवार सात लोग घायल हो गए। इनमें पंचायत चुनाव की ड्यूटी पूरी कर लौट रहे टोंक जिला पुलिस के जवान भी शामिल थे। घायलों में से एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मियों सहित छह लोगों का हॉस्पिटल में इलाज जारी है। हादसा भीलवाड़ा-आसींद मार्ग पर मोड़ का निम्बाहेड़ा के पास हुआ। चुनाव ड्यूटी से लौट रहे थे पुलिसकर्मी आसींद थाने के हेड कॉन्स्टेबल नरपत सिंह के बताया- टोंक जिला पुलिस के जवान आसींद क्षेत्र के बराणा मतदान केंद्र पर पंचायत चुनाव की ड्यूटी पूरी करने के बाद शनिवार दोपहर स्कॉर्पियो से भीलवाड़ा के लिए रवाना हुए थे। उनकी स्कॉर्पियो मोड़ का निम्बाहेड़ा के पास सामने से आ रही दूसरी स्कॉर्पियो से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद दोनों गाड़ियों में सवार सात लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को गाड़ियों से बाहर निकाला और उन्हें हॉस्पिटल पहुंचाया। एक घायल की इलाज के दौरान मौत हादसे में घायल टोंक जिला पुलिस के तीन जवानों को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। घायलों में हेड कॉन्स्टेबल इंद्रा, महिला पुलिसकर्मी अनिता और खुशीराम शामिल हैं। वहीं, दूसरी स्कॉर्पियो में सवार बालूराम गुर्जर (45), परमेश, कमलेश और सूरज को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इलाज के दौरान बालूराम गुर्जर की मौत हो गई। शव भीलवाड़ा जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद लगा जाम, पुलिस ने खुलवाया हादसे के बाद भीलवाड़ा-आसींद मार्ग पर लंबा जाम लग गया, सूचना पर आसींद थाना पुलिस के साथ मांडल थाने का पुलिस जाब्ता भी मौके पर पहुंचा और आवाजाही सुचारु करवाई।