जनगणना-2027 के दूसरे चरण (जनसंख्या गणना) को भीलवाड़ा में सही समय पर और बेहतर तरीके से पूरा करने के लिए बुधवार से दो दिवसीय ट्रेनिंग कैंप की शुरुआत हुई। माणिक्य लाल वर्मा टेक्सटाइल इंजीनियरिंग कॉलेज में नियमित सहायकों की ट्रेनिंग आयोजित की गई, जो 5 नवंबर तक चलेगी। कलेक्टर बोले- विकास योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े जरूरी प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रमुख जनगणना अधिकारी और जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने बताया कि जनगणना देश का सबसे बड़ा और बेहद अहम राष्ट्रीय कार्य है। इसी के आंकड़ों से भविष्य की विकास योजनाएं बनती हैं। उन्होंने सभी सहायकों को पूरी ईमानदारी, गोपनीयता और सटीकता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया। प्रक्रिया और भूमिका पर दी गई जानकारी उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. सोनल राज कोठारी ने जनगणना के दूसरे चरण की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका के साथ-साथ समय-सीमा के बारे में विस्तार से बताया। तकनीकी सत्र और लाइव डेमो दिए गए मास्टर ट्रेनर डी.आर. गांधी और नरेन्द्र ने तकनीकी सत्रों की कमान संभाली। पहले दिन सहायकों को CMMS पोर्टल के उपयोग, ब्लॉक बनाने, नक्शे तैयार करने और चार्ज रजिस्टर जैसे विषयों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में जिले भर से आए सहायकों ने भाग लिया, जिन्हें पोर्टल चलाने का लाइव डेमो दिखाया गया और हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस भी करवाई गई।