भीलवाड़ा में दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का निरीक्षण एवं जांच अभियान लगातार जारी है। इसी के तहत टीम ने चित्तौड़ रोड स्थित दो कोल्ड स्टोरेज पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई। 1000 किलो गुड़ फिंकवाया सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने स्वरूपगंज, चित्तौड़ रोड स्थित संगम कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां 1000 किलो गुड़ एवं सुदर्शन कोल्ड स्टोरेज से 500 किलो साबूत लाल मिर्च मौके पर ही नष्ट करवाई गई। इसके साथ ही धनिया साबूत, चना एवं गुड़ के सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवाए गए। 500 किलो लाल मिर्च फिंकवाई इसी प्रकार टीम ने शिव सुदर्शन कोल्ड स्टोरेज का भी निरीक्षण किया। यहां से किशमिश का सैंपल लिया गया तथा 500 किलो साबूत लाल मिर्च मौके पर ही नष्ट करवाई गई। ये रहे मौजूद कार्रवाई के दौरान डॉ दिलराज मीणा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, साक्षी जैन, विजय मेहता, शाहरूख हुसैन सहित अन्य जांच अधिकारी मौजूद रहे। विभाग द्वारा लिए गए सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। गुणवत्ता एवं शुद्धता का ध्यान रखें सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि दीपावली पर्व के दौरान आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आमजन से भी खाद्य पदार्थों की खरीदारी करते समय गुणवत्ता एवं शुद्धता का ध्यान रखने की अपील की। मिलावट की सूचना कंट्रोल रूम पर दें उन्होंने बताया कि जिले में कहीं भी खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा संदिग्ध खाद्य सामग्री के संबंध में जानकारी मिलने पर आमजन जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दे सकते हैं। प्राप्त शिकायतों पर विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।