भीलवाड़ा में एक चोर ने सांवरिया सेठ के मंदिर को निशाना बनाया। आरोपी ने मंदिर में पहले भगवान की परिक्रमा की, हाथ जोड़कर प्रार्थना की और धोक लगाई। इसके बाद भगवान सांवरिया सेठ के चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई चोरी की यह वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है। दोपहर में मंदिर के पट थे बंद मामला मांडल थाने के पीछे महज 50 फीट की दूरी पर स्थित मोहन कॉलोनी के सांवरिया सेठ मंदिर का है। जानकारी के अनुसार, मंदिर के पुजारी रोजाना की तरह सुबह पूजा-अर्चना करने के बाद मंदिर के पट बंद कर करीब 1 बजे अपने घर चले गए थे। शाम करीब 5 बजे जब पुजारी दोबारा मंदिर खोलने पहुंचे तो भगवान की प्रतिमा पर चढ़ाए गए चांदी के आभूषण गायब मिले। CCTV कैमरे में कैद हुई चोरी की वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर में प्रवेश करता दिखाई दिया। उसने काली शर्ट और टोपी पहन रखी थी। उसकी पीठ पर एक बैग भी लटका हुआ था। आरोपी ने पहले भगवान की परिक्रमा की, फिर हाथ जोड़कर प्रार्थना की और धोक लगाई। इसके बाद उसने भगवान का चांदी का मुकुट, बांसुरी, हाथों के आठ चांदी के कड़े और पैरों के दो कड़े उतार लिए। दोपहर 3:02 बजे वारदात को दिया अंजाम आरोपी ने दोपहर करीब 3 बजकर 2 मिनट पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और मंदिर से निकल गया। भगवान के आभूषण चोरी होने की खबर फैलते ही श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त हो गया। मामले की सूचना मांडल पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं को पुलिस से बरामदगी की उम्मीद मांडल थाने से महज 50 फीट की दूरी पर स्थित मंदिर में दिनदहाड़े हुई चोरी की इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर भगवान के चोरी हुए चांदी के आभूषण बरामद करेगी।