दीपावली के त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने और मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिलेभर में कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भदाली खेड़ा चौराहे पर बीकानेर से भीलवाड़ा आ रही एक ट्रैवल्स बस से करीब 500 किलोग्राम मिलावटी मावा जब्त किया। सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया- बुधवार को सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डॉ. दिलराज मीणा के नेतृत्व में सुबह करीब 4 बजे भदाली खेड़ा चौराहे पर बीकानेर से भीलवाड़ा आ रही ट्रेवल्स बस को रुकवाकर जांच की। इस दौरान बस में बड़ी मात्रा में मावा रखा हुआ मिला। टीम ने करीब 500 किलोग्राम मावे को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की। बीकानेर से भीलवाड़ा ला रहे थे ये मावा बीकानेर से भीलवाड़ा लाया जा रहा था, लेकिन जब्त मावे पर अपना दावा प्रस्तुत करने अथवा उसे लेने के लिए कोई भी व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा। इस पर विभाग की टीम ने मावे को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की टीमें लगातार निगरानी रख रही हैं और मिलावट की आशंका वाली खाद्य सामग्री पर विशेष नजर रखी जा रही है। मिलावट की सूचना कंट्रोल रूम पर दें आमजन सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि जिले में कहीं भी खाद्य पदार्थों में मिलावट, अवधिपार सामग्री के विक्रय अथवा संदिग्ध खाद्य सामग्री के भंडारण एवं बिक्री की जानकारी मिलने पर जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दें।