बीकानेर रन क्लब की ओर से बीकानेर की पहली मैराथन का आयोजन 27 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, बीकानेर विकास प्राधिकरण एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त सहयोग से होने वाला यह आयोजन शहर में फिटनेस, स्वास्थ्य और खेल संस्कृति को बढ़ावा देगा। आयोजकों के अनुसार, इस मैराथन का उद्देश्य केवल दौड़ का आयोजन करना नहीं, बल्कि बीकानेर की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत, पर्यटन और खान-पान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और आमजन को स्वास्थ्य, फिटनेस और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक करना है। चार श्रेणियों में होगी दौड़ रन क्लब के संयोजक इशान शर्मा ने बताया कि मैराथन में प्रतिभागियों के लिए 2 किलोमीटर, 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की चार श्रेणियां रखी गई हैं। 2 किलोमीटर फन रन में प्रतिभागियों को टी-शर्ट प्रदान की जाएगी, जबकि 5K, 10K और 21K के प्रतिभागियों को टी-शर्ट, मेडल, टाइमिंग बिब और रिफ्रेशमेंट की सुविधा मिलेगी। दौड़ की शुरुआत सुबह 5 बजे होटल लक्ष्मी निवास पैलेस से होगी। निर्धारित रूट के अनुसार धावक म्यूजियम चौराहा, हल्दीराम प्याऊ, सागर और नापासर सर्कल सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए फिर से होटल लक्ष्मी निवास पैलेस पहुंचेंगे। धावकों को मिलेगा सम्मान मैराथन की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धावकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग को फिटनेस गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मैराथन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस संबंध में पुलिस विभाग के वृत्ताधिकारी (शहर) श्री अनुज डाल, विकास सिंह एवं बीकानेर रन क्लब के संस्थापक ईशान शर्मा का कहना है कि बीकानेर रन क्लब फिटनेस, खेल और पर्यटन के मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास कर रहा है।