बीकानेर शहर में सोमवार से खेलों का उत्सव शुरू होने जा रहा है। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम के मल्टीपर्पज इंडोर हॉल में सोमवार से प्रथम राजस्थान राज्य स्तरीय यूथ आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप 2026-27 आयोजित होगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए रविवार तक करीब 225 खिलाड़ी और 60 अधिकारी बीकानेर पहुंच चुके हैं। सोमवार को भी कुछ खिलाड़ी बीकानेर पहुंचेंगे। खिलाड़ियों का पंजीकरण हो रहा है। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से करीब 325 से 350 खिलाड़ियों और 60 से 70 तकनीकी अधिकारियों एवं पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। तैयारियों को दिया अंतिम रूप जिला जिम्नास्टिक्स संघ, बीकानेर और राजस्थान जिम्नास्टिक्स संघ के सान्निध्य में होने वाली प्रतियोगिता की तैयारियां रविवार को पूरी कर ली गईं। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के पंजीकरण, आवास, भोजन, पेयजल, खेल उपकरण और तकनीकी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। मल्टीपर्पज इंडोर हॉल की साफ-सफाई कर उसे प्रतियोगिता के लिए तैयार किया गया है। जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष, जिला जिम्नास्टिक्स संघ अध्यक्ष सीए सुधीश शर्मा, माणक व्यास सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे रहे। राजस्थान जिम्नास्टिक्स संघ के पदाधिकारियों ने भी तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी संभाल ली है। 2 नवम्बर से ही शुरू होंगे मुकाबले प्रतियोगिता के पहले दिन सोमवार सुबह मुकाबले शुरू होंगे। उद्घाटन समारोह सुबह 11:30 बजे होगा। इसमें बीकानेर के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, उद्यमी पूनम कुलरिया और बीकानेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त अतिथि के रूप में शामिल होंगे। 3 नवंबर को होगा जिम्नास्टिक्स शो प्रतियोगिता के साथ 3 नवंबर को ‘द जिम्नास्टिक्स शो’ भी आयोजित किया जाएगा। इसके लिए भी इंडोर हॉल तैयार कर लिया गया है। आयोजन समिति ने खेलप्रेमियों, युवाओं और अभिभावकों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।