बीकानेर में नगर निगम की कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ी ने एक रिटायर्ड बैंक अधिकारी को टक्कर मार दी। शनिवार सुबह गोकुल सर्किल के पास सफाई वाहन ने स्कूटर सवार बुजुर्ग को पीछे से टक्कर मार दी। इससे वे सड़क पर गिर गए, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी रोकने की बजाय उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटा। हादसे में बुजुर्ग के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। ट्रोमा सेंटर में ऑपरेशन के बाद भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल वे वेंटिलेटर पर हैं। नयाशहर पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। मंदिर दर्शन के लिए निकले थे जवाहर नगर निवासी केशव दत्त आचार्य शनिवार सुबह अपने स्कूटर से मंदिर दर्शन करने निकले थे। गोकुल सर्किल के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे सफाई वाहन ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आचार्य सड़क पर गिर गए। इसके बावजूद वाहन चालक ने ब्रेक नहीं लगाए और उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को सेटेलाइट हॉस्पिटल पहुंचाया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। हालांकि, घर पहुंचने के बाद उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उन्हें जीवन रक्षा हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए ट्रोमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रोमा सेंटर में डॉ. दिनेश सोढ़ी और डॉ. कपिल पारीक ने ऑपरेशन किया। सिर में गंभीर चोट के चलते आचार्य को वेंटिलेटर पर रखा गया है। इस बीच सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने भी घायल की स्थिति को लेकर डॉ. कपिल पारीक से रिपोर्ट ली। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस नयाशहर पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है। पुलिस घायल के संबंध में रिपोर्ट लेने के साथ ही सफाई वाहन के ड्राइवर की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए अभय कमांड सेंटर और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। भाजपा नेता बोले- आरोपी ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई हो घटना को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता भगवान सिंह मेड़तिया ने कहा कि नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहनों से पहले भी हादसे हो चुके हैं। मेड़तिया ने कहा कि शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।