बीकानेर रेंज पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। रेंज कार्यालय की सोशल मीडिया सेल ने सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से महज 30 दिनों में 100 गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख 30 हजार रुपए बताई गई है। महानिरीक्षक पुलिस (आईजी) ओम प्रकाश, आईपीएस के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। बीकानेर रेंज के अंतर्गत बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों के आधार पर कार्रवाई करते हुए ऐसे मोबाइल भी ट्रेस किए गए, जो 3 दिन से लेकर 4 वर्ष पहले तक गुम हुए थे। मंगलवार को आईजी ओम प्रकाश ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे, जिससे लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। पुलिस के अनुसार, CEIR पोर्टल की मदद से मोबाइल ट्रैकिंग और बरामदगी की प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाया गया है। इस दौरान एसपी मृदुल कच्छावा, सहायक पुलिस अधीक्षक (सदर) अनुष्का कालिया, आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखविन्द्रपाल सिंह तथा पुलिस उपाधीक्षक प्रहलाद राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।