भारतीय जनता पार्टी की ओर से लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत रविवार को भाजपा जिला कार्यालय से पटेल सर्किल तक पदयात्रा निकाली गई। भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में निकाली गई इस पदयात्रा में कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के लिए भाजपा कार्यकर्ता जिला कार्यालय पर एकत्रित हुए। जहां बैठक हुई। इसके बाद हाथों में तिरंगा और पार्टी के झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए पटेल सर्किल तक पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। पदयात्रा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध और आंदोलन का अधिकार सभी को है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने और उन्हें दबाव में लाने की कोशिशों पर गंभीरता से चर्चा जरूरी है। सरकार बदलने या व्यवस्था में परिवर्तन की मांग करना राजनीतिक अधिकार है और आंदोलन करना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन इसके साथ संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा का ध्यान रखना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं पर बार-बार सवाल उठाकर अनावश्यक दबाव बनाने की कोशिशों का विरोध होना चाहिए। संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले देशवासी ऐसी गतिविधियों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देना जानते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने कहा कि देश में कई बार सरकारें बदली हैं, लेकिन सरकार का गठन हमेशा जनता के मतों से होता है। चुनाव आयोग चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराता है और जनता द्वारा चुनी गई सरकार देश का संचालन करती है। भाजपा इसी संदेश को लेकर आमजन के बीच जा रही है, ताकि लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़े। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में हार के बाद कांग्रेस लगातार चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रही है। कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की बात करती है, लेकिन चुनावी परिणाम पक्ष में नहीं आने पर संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने लगती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति में लोकतांत्रिक संस्थाओं की तुलना में गांधी परिवार को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। असहमति और विरोध के लिए लोकतंत्र में पर्याप्त स्थान है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना भी सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर पूर्व विधायक अजित सिंह मेहता, जिला महामंत्री विष्णु शर्मा, जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र चौधरी, रामचंद्र गुर्जर, राजेश शर्मा, रमाकांत शर्मा, प्रधान काबरा, राजेंद्र सैनी, पूर्व प्रधान राम अवतार लांगड़ी, जगदीश गुर्जर, दीपक संगत, प्रहलाद सिंह, ओमप्रकाश पांडे, हरिराम यादव, नीलिमा आमेरा, बीना छामुनिया, राधेश्याम चावला, राजेश मंगल, कमलेश यादव, संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।