जयपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत केंद्रीय रेल और सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव पैदल मार्च करेंगे। जयपुर सांसद और कार्यक्रम संयोजक मंजू शर्मा पदयात्रा में शामिल होंगी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने के लिए भाजपा 5 नवंबर को जयपुर में सड़कों पर उतरेगी। सांसद मंजू शर्मा ने बताया- पदयात्रा से पहले रामलीला मैदान में जनसभा होगी। इसमें अश्विनी वैष्णव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करेंगे। इसके बाद रामलीला मैदान से चौड़ा रास्ता होते हुए त्रिपोलिया गेट तक करीब सवा किलोमीटर की सांकेतिक पदयात्रा निकाली जाएगी। जनता में भ्रम फैला रही है कॉंग्रेस- मंजू शर्मा सांसद मंजू शर्मा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर भ्रामक दावों के जरिए जनता में भ्रम पैदा कर रही है और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रही है। त्योहार पर ट्रैफिक जाम से बचने के लिए छोटा रहेगा रूट भाजपा ने दीपावली के खरीदारी सीजन में व्यापारियों और आमजन की सुविधा देखते हुए पदयात्रा का रूट छोटा रखा है। परकोटे के बाजारों में त्योहार के दौरान खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में लंबे मार्च से ट्रैफिक जाम, दुकानदारों के कारोबार और लोगों की आवाजाही को प्रभावित कर सकता था। इसे देखते हुए पदयात्रा का मार्ग रामलीला मैदान से त्रिपोलिया गेट तक सीमित रखा गया है। मंडल से वार्ड तक संख्या जुटाने की तैयारी पदयात्रा की तैयारियों को लेकर हाल ही भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में जयपुर सांसद मंजू शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं जयपुर संभाग प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी, विधायक कालीचरण सराफ, विधायक बालमुकुंदाचार्य, अभियान के प्रदेश संयोजक रामलाल शर्मा और जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।