बांसवाड़ा| बांसवाड़ा दाहोद नेशनल हाईवे पर बोरवट में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर का मूर्ति व स्वर्ण शिखर प्रतिष्ठा महोत्सव 26 अप्रैल से 1 मई तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष व पूर्व सरपंच अर्जुनसिंह सोलंकी ने बताया कि इस दौरान 151 कुंडीय मारुति महायज्ञ किया जाएगा। साथ ही मंदिर पर स्वर्ण शिखर, कीर्ति स्तंभ, ध्वज दंड व मूर्ति की स्थापना की जाएगी। प्रधान आचार्य पं. निकुंजमोहन पंड्या के आचार्यत्व में मारुति यज्ञ, पूजन और प्रतिष्ठा विधान होगा। प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां चल रही हैं। मंदिर के सामने धनपुरा रोड पर यज्ञशाला में कुंड बनकर तैयार हैं। प्रधान आचार्य ने बताया कि 26 अप्रैल को हेमाद्रि स्नान, 27 को गणपति, मातृका पूजन, पुण्याहवाचन, आयुष्य मंत्र जाप, नांदी श्राद्ध, मंडप प्रवेश होगा। इसके बाद क्षेत्रपाल, मरुदगण, रामभद्र व द्वादश लिंगतोभद्र मंडल का पूजन किया जाएगा। यहां हनुमान चालीसा, राम रक्षा स्तोत्र व वेद मंत्रों का पाठ होगा। 28 को स्थापित देवता, कुंड, नवग्रह पूजन, अग्नि स्थापन, ग्रह होम, अतिरुद्र हवन होगा। 29 को गणेशादि स्थापित देवता पूजन, रुद्र यज्ञ, राम यज्ञ, मारुति यज्ञ में आहुतियां दी जाएंगी। 30 अप्रैल को महापूजन के साथ गंगाजल कलश यात्रा व प्रतिमा स्तवन किया जाएगा। एक मई को मूर्ति व स्वर्ण शिखर की प्रतिष्ठा के साथ पूर्णाहुति होगी।