सशस्त्र सीमा बल (SSB) के महानिदेशक संजय सिंघल ने रविवार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के प्रमुख के रूप में अतिरिक्त प्रभार संभाला। उन्होंने शत्रुजीत कपूर का स्थान लिया है, जो 31 अक्टूबर को रिटायर हुए हैं। केंद्र सरकार के आदेशों के अनुसार, 1993 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी संजय सिंघल ने ITBP के महानिदेशक के रूप में अतिरिक्त प्रभार ग्रहण किया। फोर्स मुख्यालय में कार्यभार संभालने के बाद, सिंघल ने सलामी ली और औपचारिक 'गार्ड ऑफ ऑनर' का निरीक्षण किया। आज की अन्य बड़ी खबरें… गुजरात सरकार 6 नवंबर से 143 कैदियों को 15 दिन की दिवाली पैरोल देगी गुजरात सरकार ने कैदियों के कल्याण और जेल सुधार की पहल के तहत, विभिन्न जेलों में सजा काट रहे 143 कैदियों को 15 दिन की दिवाली पैरोल देने की मंजूरी दी है। साल 2003 से, राज्य सरकार दिवाली के दौरान पात्र कैदियों को 15 दिन की पैरोल देती आ रही है। इसमें 60 साल या उससे अधिक उम्र के पुरुष और महिला कैदी शामिल होते हैं, ताकि वे अपने परिवारों के साथ त्योहार मना सकें। कर्नाटक में बस पलटी, 42 यात्री घायल; सड़क किनारे बने पैरापेट से टकराने के कारण हादसा कर्नाटक के शिवमोगा जिले में रविवार सुबह कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की बस सड़क किनारे बने पैरापेट से टकराकर पलट गई। हादसे में ड्राइवर समेत बस में सवार सभी 42 लोग घायल हो गए। सभी को मामूली चोटें आई हैं। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई। पुलिस के मुताबिक, बस बेंगलुरु से सागर जा रही थी। सुबह करीब 4:30 बजे बसवनाहोले बांध के पास नेशनल हाईवे पर बस पैरापेट से टकराकर पलट गई। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। केरलम के कोट्टायम में 6 वाहनों की टक्कर, 12 घायल; कार ने ऑटो को मारी टक्कर, फिर भिड़े दूसरे वाहन केरलम के कोट्टायम जिले में रविवार सुबह कई वाहनों की टक्कर में 12 लोग घायल हो गए। हादसा कंजीरापल्ली के पास हुआ। घायलों में से तीन को फ्रैक्चर होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी लोगों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस के मुताबिक, हादसे में चार कार, एक ऑटो रिक्शा और एक दोपहिया वाहन शामिल थे। एक वाहन से बचने की कोशिश में कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रहे दूसरे वाहन भी कार और ऑटो से टकरा गए। पुणे में इलेक्ट्रिक बस के नीचे आने से बुजुर्ग महिला की मौत, चलती बस में चढ़ने की कोशिश कर रही थीं महाराष्ट्र के पुणे जिले में चलती इलेक्ट्रिक बस में चढ़ने की कोशिश के दौरान 79 साल की महिला की पिछले पहियों के नीचे आने से मौत हो गई। हादसा 29 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे हड़पसर इलाके में हुआ। जानकारी 1 नवंबर को सामने आई। मृतका की पहचान कमलाबाई दादू लोंढे के रूप में हुई है। वे मंदिर जाने के लिए सासवड जा रही थीं। चलती बस के पिछले दरवाजे से चढ़ने की कोशिश के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया। हादसे के बाद उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शनिवार को बस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से मौत और तेज गति से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया। ड्राइवर का मेडिकल टेस्ट कराया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई। उसे जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दिया गया है। महाराष्ट्र के जालना में फ्लाईओवर से नीचे ढाबे पर गिरा कंटेनर ट्रक, 2 की मौत महाराष्ट्र के जालना में एक कंटेनर ट्रक फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़कर नीचे बने ढाबे पर जा गिरा। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हादसा अंबड़ चोपुरी और नूतन वसाहत के बीच बने ओवरपास पर हुआ। सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर अनंत कुलकर्णी के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही गश्त कर रहे पुलिस इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। उस समय घायल लोग जिंदा थे, लेकिन अस्पताल ले जाने के बाद उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में दोनों मृतकों के ट्रक का ड्राइवर और क्लीनर होने की आशंका है। दोनों मृतकों के नाम की पुष्टि अभी नहीं हुई है। ट्रक हरियाणा में रजिस्टर्ड है और हिसार के लोगों का बताया जा रहा है। कोलकाता में हिंदू संगठन का बांग्लादेश डिप्टी हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन; बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की मांग कोलकाता में शनिवार को 'बंगसेना' नाम के हिंदू संगठन के सैकड़ों समर्थकों और साधुओं ने बांग्लादेश डिप्टी हाई कमीशन की तरफ एक बड़ा विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा, उनके खिलाफ अत्याचारों को रोकने और जेल में बंद साधु चिन्मय कृष्ण दास की रिहाई की मांग कर रहे थे। मार्च सियालदह रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ था। हालांकि, पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पार्क सर्कस इलाके में हाई कमीशन के मुख्य गेट से करीब 100 मीटर पहले ही बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने वहीं सड़क पर धरना दे दिया। इसी महीने बांग्लादेश डिप्टी हाई कमीशन के बाहर यह दूसरा ऐसा प्रदर्शन था। UP पुलिस ने 453 नेपाली नागरिकों को अंतरराष्ट्रीय ठगों से बचाया उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करके नेपाल के 453 नागरिकों (115 महिलाएं और 338 पुरुष) को उनके चंगुल से सुरक्षित छुड़ाया और वापस उनके घर भेजा। यह गिरोह नेपाल के गरीब और कम पढ़े-लिखे लोगों को नौकरी, पढ़ाई और कमाई का झांसा देकर फंसाता था। लोगों को कुशीनगर बुलाकर नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर ट्रेनिंग और रजिस्ट्रेशन फीस के बहाने जबरन पैसे ऐंठे जाते थे। पुलिस ने कसया कस्बे में छापा मारकर इस गैंग के 10 लोगों (8 पुरुष और 2 महिलाएं) को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में ज्यादातर नेपाली नागरिक और एक स्थानीय व्यक्ति शामिल है, जिन्होंने फर्जी कागजात के सहारे लोगों को ठगने की बात कबूल की। सीएम विजय ने तमिलनाडु में सरकारी कर्मचारियों 3% DA बढ़ोतरी का ऐलान किया तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने शनिवार को दिवाली से पहले राज्य के सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है, जिससे यह 60% से बढ़कर 63% हो गया है। यह फैसला 1 जुलाई 2026 से लागू माना जाएगा। सरकार के इस कदम से करीब 16 लाख कर्मचारियों, शिक्षकों और पारिवारिक पेंशनभोगियों को सीधा फायदा मिलेगा। इससे सरकारी खजाने पर हर साल ₹1,858 करोड़ का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। यह फैसला केंद्र सरकार द्वारा अपने कर्मचारियों का DA 60% से बढ़ाकर 63% करने के बाद लिया गया है।