ब्राह्मण समुदाय पर सोशल मीडिया में आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में फिल्ममेकर अनुराग कश्यप की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सूरत के एडिशनल चीफ जुडिशियल मजिस्ट्रेट जे.वी. चौहान ने सोमवार को 54 वर्षीय फिल्ममेकर के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। दरअसल, कश्यप 16 अप्रैल 2025 को X पर ब्राह्मण समाज को लेकर अभद्र पोस्ट किया था, जिस पर वकील कमलेश रावल ने BNS की धारा 192, 352 के तहत केस दर्ज कराया था। कोर्ट ने कई बार समन और अखबार में सार्वजनिक नोटिस जारी किया, लेकिन कश्यप पेश नहीं हुए। अब मामले की अगली सुनवाई 24 दिसंबर को होगी।कश्यप ने अप्रैल में ही इस टिप्पणी के लिए माफी मांग ली थी। आज की अन्य खबरें… दिवाली से पहले अहमदाबाद में 61 अवैध प्रवासी हिरासत में, ज्यादातर बांग्लादेशी गुजरात के अहमदाबाद में दिवाली से पहले पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे 61 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। इनमें ज्यादातर बांग्लादेशी नागरिक हैं। पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह कार्रवाई त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से की गई। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने एक प्रेस नोट जारी कर बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों को देश से वापस भेजने (डिपोर्टेशन) की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, शहर के अलग-अलग इलाकों में खुफिया जानकारी जुटाने के बाद समन्वित तरीके से छापेमारी की गई। इस अभियान का उद्देश्य भारत में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करना था। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में नियंत्रण रेखा के पास लैंडमाइन में धमाका, सेना का सामान ले जा रहे मजदूर का पैर उड़ा जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सेना का सामान ले जा रहे मजदूर का पैर गलती से बारूदी सुरंग पर पड़ गया, इससे धमाका हो गया। हादसे में मजदूर का दाहिना पैर उड़ गया। उसे तुरंत पास के अस्पताल में ले जाया गया। अधिकारियों के अनुसार, लंगर गांव के रहने वाले कृष्ण लाल सुबह 11:30 बजे नौशेरा सेक्टर के एक अग्रिम इलाके से गुजर रहे थे, तभी उनका पैर गलती से बारूदी सुरंग पर पड़ गया। अधिकारियों ने बताया कि सीमा पार से घुसपैठ रोकने के लिए LoC के साथ लगते अग्रिम इलाकों में कई लैंडमाइन बिछाई गई हैं। हालांकि, कभी-कभी भारी बारिश के कारण इनमें से कुछ माइन अपनी जगह से हट जाती हैं या बह जाती हैं, जिससे हादसे होते हैं और वहां रहने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा हो जाता है। सोनिया गांधी ने लालू यादव से मुलाकात की, UPA सरकार के कामकाज को याद किया कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने सोमवार को दिल्ली में बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव से मुलाकात की। वे मीसा भारती के घर पर पहुंचीं थीं। उन्होंने लालू यादव से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। इस दौरान पुराने दिनों की यादें ताजा हुईं और UPA सरकार के कार्यकाल पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि UPA सरकार के दौरान युवाओं, किसानों, जवानों और आम लोगों के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गईं। मनरेगा, शिक्षा का अधिकार (RTE) और सूचना का अधिकार (RTI) जैसे कानूनों से लोगों को सशक्त बनाया गया। साथ ही, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए 1 लाख 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी गई। सुप्रीम कोर्ट ने कहा- पति-पत्नी का झगड़ा गर्भपात का आधार नहीं, गर्भ में पल रहे बच्चे पर पिता का भी अधिकार सुप्रीम कोर्ट में एक महिला ने 6 महीने से अधिक की गर्भावस्था को समाप्त करने की अनुमति मांगी है। महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर बुरा बर्ताव करने का आरोप लगाया है। वहीं महिला पति ने इस याचिका का विरोध करते हुए कहा कि अजन्मे बच्चे पर उसका भी अधिकार है। इस मामले में कोर्ट ने कहा- सिर्फ वैवाहिक कलह गर्भपात का आधार नहीं हो सकती। इससे समाज किस दिशा में जाएगा।' जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस आर महादेवन की बेंच ने इस मामले में सुनवाई करते हुए सोमवार को कहा कि बलात्कार या यौन उत्पीड़न के मामलों में, या फिर भ्रूण में कोई समस्या होने पर गर्भपात की अनुमति दी जा सकती है, लेकिन यह मामला बिल्कुल अलग है। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में मस्जिद पर पथराव, 4 लोग हिरासत में जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पेहरू शेरबाग इलाके में ईशा की नमाज के दौरान कुछ लोगों ने एक मस्जिद पर पत्थर फेंके। इससे इमारत को नुकसान पहुंचा और कुछ नमाजियों को चोटें आईं। पुलिस के मुताबिक, यह इमारत पहले एक मकान थी, जिसे करीब एक हफ्ते पहले इबादतगाह बनाया गया था। यहां नमाज पढ़ने को लेकर कुछ स्थानीय लोग विरोध कर रहे थे। इसी बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद पथराव किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और FIR कर चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से घटना को सांप्रदायिक रंग न देने और अपुष्ट जानकारी न फैलाने की अपील की है। केरलम में BJP ऑफिस पर बीयर की बोतलें फेंकने के आरोप में 2 कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार केरलम में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर बीयर की बोतलें फेंकने के आरोप में पुलिस ने सोमवार को कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सुजीत कुमार और अरुण के रूप में हुई है। दोनों स्थानीय कांग्रेस इकाइयों के कार्यकर्ता हैं। यह घटना करीब एक महीने पहले हुई थी। पुलिस के मुताबिक, तिरुवनंतपुरम जिले में अलग-अलग राजनीतिक संगठनों के बीच हुई झड़पों के बाद तनाव बढ़ गया था। सितंबर के आखिरी हफ्ते में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के काफिले को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए थे। इसके बाद तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस जिला समिति के कार्यालय पर हमला हुआ था। इस मामले में भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद रात में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय ‘मारारजी भवन’ पर बीयर की बोतलें फेंकी गई थीं। भाजपा ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था। पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज की जांच और घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन का पता लगाकर संदिग्धों की पहचान की। मुंबई में शादी में खाना खाने के बाद 27 लोग बीमार, सभी की हालत स्थिर मुंबई के भांडुप इलाके में शादी में खाना खाने के बाद करीब 27 लोग बीमार पड़ गए। इनमें नवविवाहित जोड़ा भी शामिल है। सभी मरीजों को एमटी अग्रवाल म्युनिसिपल जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. कैलाश मारस्कोले ने यह जानकारी दी। डॉ. कैलाश मारस्कोले ने बताया, “27 मरीजों को भर्ती किया गया है। इनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। फिलहाल सभी 27 मरीजों की हालत स्थिर है।'' परीक्षा सुधार पर नीलेकणि पैनल को 3 माह का विस्तार देश में परीक्षा सुधार के लिए बने नंदन नीलेकणि पैनल का कार्यकाल जनवरी 2027 तक बढ़ा दिया गया है। 26 जुलाई को बना पैनल अब तक 18 बैठकें और करीब 40 परामर्श कर चुका है। इसे अक्टूबर अंत तक रिपोर्ट देनी थी। अब पैनल सीएम और मुख्य सचिवों से भी राय लेगा। पिछले दिनों नीलेकणि ने परीक्षा के ठीक पहले एआई से पेपर तैयार करने का सुझाव भी दिया। कर्नाटक में निजी कंपनियों पर कन्नड़ ध्वज लगाना अनिवार्य कर्नाटक में निजी कंपनियों के परिसरों में लाल-पीला कन्नड़ ध्वज लगाना अनिवार्य होगा। सीएम डीके शिवकुमार ने रविवार को कहा कि आदेश इसी माह जारी हो सकता है। यह फैसला आईटी कंपनियों में कन्नडिगों को नौकरी में भेदभाव की शिकायतों के बीच आया है। 2018 में कांग्रेस सरकार ने अलग आधिकारिक राज्य ध्वज का प्रस्ताव केंद्र को भेजा था, लेकिन उसे मंजूरी नहीं मिली।