ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल सप्ताह के तहत बुधवार को जिले के 676 आंगनबाड़ी केंद्रों पर जागरूकता कार्यक्रम हुए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने मोटे अनाज और पारंपरिक खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने के लिए ये कार्यक्रम किए। महिलाओं और बच्चों को पौष्टिक भोजन अपनाने और खाने की बर्बादी रोकने की जानकारी दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक अशोक कुमार गोयल ने बताया कि बाजरा, ज्वार और जौ जैसे मोटे अनाज पोषक तत्वों से भरपूर हैं। ये संतुलित और पौष्टिक भोजन का हिस्सा हैं। उन्होंने महिलाओं और बच्चों से भोजन की बर्बादी रोकने, साफ-सफाई रखने और रोजमर्रा की जिंदगी में पर्यावरण के अनुकूल आदतें अपनाने की अपील की। ‘मिशन लाइफ’ (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट) के जरिए लोगों को स्वास्थ्य और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसमें प्राकृतिक संसाधनों का सोच-समझकर इस्तेमाल करने का संदेश भी दिया जा रहा है।