बूंदी जिला कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को राजसखी दीपावली मेले का उद्घाटन जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने फीता काटकर किया। मेले का आयोजन राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) ने किया है। जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने कहा कि ऐसे आयोजन जिले में लगातार होने चाहिए, ताकि आमजन को सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि इनसे महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलते हैं और लोगों को उचित दाम पर गुणवत्तापूर्ण सामान मिलता है। उन्होंने कार्यक्रमों और कामों का ज्यादा से ज्यादा प्रचार करने के निर्देश दिए, ताकि समाज के हर वर्ग तक इनका लाभ पहुंचे। ‘रोशन हो हर द्वार, सखियों के हुनर से इस बार’ थीम पर लगा यह मेला 5 और 6 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से आमजन के लिए खुला रहेगा। यहां ग्रामीण महिलाओं के हुनर और हस्तशिल्प से तैयार दीपावली की सामग्री, सजावटी सामान और उपहार मिलेंगे। प्रशासन और राजीविका टीम ने जिले के लोगों से मेले में आने और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्पाद खरीदने की अपील की। उद्घाटन के दौरान जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारु शंकर और राजस्थान ग्रामीण आजीविका मिशन बूंदी की डीपीएम जगजीवन मौजूद रहीं।