पचेवर| उपतहसील क्षेत्र के आवड़ा गांव में अज्ञात कारणों से चार किसानों के बाड़ों में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। बाड़ों में रखी करीब 35 ट्रॉली चारा और ईंधन के लिए रखी लकड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं। ग्रामीणों और दमकलकर्मियों की मशक्कत के बावजूद चारों किसानों का चारा जलकर राख हो गया। हादसे में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है। जानकारी के अनुसार किसान रामनिवास धायल अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर बाड़ों से उठती आग की लपटों पर पड़ी। उसने तत्काल मोबाइल से ग्रामीणों को सूचना दी। उसने ट्रैक्टर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने चारे को अलग किया। टैंकरों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। वहीं, सूचना पर मालपुरा नगरपालिका की दमकल भी मौके पर पहुंची। वह ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने में जुट गई। चार किसानों को लाखों का नुकसान : आग किसान बन्नालाल प्रजापत, रामेश्वर प्रजापत, सीताराम प्रजापत और रामजीलाल धायल के बाड़ों तक फैल गई। बाड़ों में रखी कड़बी और ईंधन के लिए संग्रहित लकड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक करीब 35 ट्रॉली चारा जलकर राख हो चुका था। इससे चारों किसानों को लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मंत्री ने पहुंचकर लिया नुकसान का जायजा : पंचायत राज चुनाव के संबंध में जानकारी लेने क्षेत्र से गुजर रहे कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी को आगजनी की सूचना मिली। वे अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग से हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित किसानों से बातचीत की। घटना पर दुख जताया।