भास्कर न्यूज | बाड़मेर केयर्न- वेदांता की ओर से गुड़ामालानी सांचौर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तेल उत्पादन हो रहा है। इससे कंपनी और सरकार राजस्व मिल रहा है। इसके बावजूद नियमानुसार गुड़ामालाणी सांचौर क्षेत्र में खर्च होने वाली सीएसआर राशि पिछले दो वर्षों से बिल्कुल खर्च नहीं हुई है। यह आरोप भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य, वरिष्ठ नेता, पूर्व सरपंच सुखराम विश्नोई ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर लगाया है। विश्नोई ने प्रशासन से सीएसआर राशि खर्च नहीं करने के कारणों की जानकारी मांगी है। कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। अगले पांच वर्षों में सीएसआर फंड के उपयोग का प्लान देने को कहा है। पिछले पांच वर्षों में तेल उत्पादक तहसील, पंचायत समिति क्षेत्र में खर्च की गई राशि का विवरण भी मांगा है। विश्नोई ने कहा है कि एक महीने के अंदर सीएसआर का पैसा खर्च करना शुरू नहीं किया गया तो गांव-गांव आंदोलन किया जाएगा। विश्नोई ने बताया कि शिल्पकारों, कलाकारों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों, किसानों, पशुपालकों को मदद की जरूरत है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, आधारभूत सुविधाओं में सहयोग की दरकार है। उन्होंने इस मुद्दे पर विधायक और मंत्री केके विश्नोई, जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों से भी चर्चा की है। ^वेदांता ऑयल एंड गैस अपने कार्यक्षेत्रों के आसपास रहने वाले समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए निरंतर सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से योगदान देता रहा है। कंपनी भविष्य में भी समुदायों के कल्याण और समग्र विकास से जुड़ी पहलों को इसी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगी। -मुकेश मथराणी, स्थानीय प्रवक्ता, केयर्न-वेदांता ऑयल एंड गैस