सरपंच चुनाव के दौरान गांवों में एक महीने पहले से उत्सवी माहौल है। हो भी क्यों न, जब प्रत्याशी एक लाख की तय सीमा का पैमाना छलका कर 4-4 करोड़ रुपए तक खर्च कर रहे हैं। महीनेभर पहले से दावतें चल रही हैं। पकवानों के साथ शराब, अफीम डोडा की भर-भरकर खुलेआम मनुहार हो रही है। रिपोर्टर ने मारवाड़ इलाके के बालोतरा, जालोर समेत जिलों में प्रचार टीमों के बीच कार्यकर्ता की तरह रहकर हकीकत जानी। दोनों समय भोजन, गाड़ियों का काफिला, रोज 7 लाख खर्च सरपंच उम्मीदवारों ने बड़े-बड़े टेंट लगा रखे हैं। जहां पर दोनों समय भोजन, शराब व अफीम का नशा परोसा जा रहा था। भरपूर स्टॉक है और गाड़ियां बांटने में जुटी हैं। खर्च इतना कि रोज 7 लाख रुपए तक खर्च हो रहे है। इनमें 1 लाख रुपए की शराब बांटी जा रही है। एक लाख के डोडा चूरा। पेट्रोल, डीजल का तो हिसाब रखना भी मुश्किल हो रहा है। जबकि सरपंच का 5 साल का कुल मानदेय 3 लाख रुपए है। रामजी का गोल: अफीम-शराब बंट रही थी, जलेबी-घेवर का भोज : बालोतरा जिले के रामजी का गोल ग्राम पंचायत पहुंच देखा तो वहां पर दो प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। दोनों प्रत्याशी की तरफ से 1 माह पहले ही दावत शुरू हो चुकी थी। एक प्रत्याशी रघुनाथाराम ने ग्राम पंचायत भवन के सामने अपने एक बड़े खेत में टेंट लगा है। वहां पर करीब 1 हजार लोग खाना खा रहे थे। अफीम की मनुहार चल रही थी। दावत के पास ट्रैक्टर से बंट रही शराब : रामजी का गोल में ट्रैक्टर ट्रॉली में लदे कार्टन से शराब बांटी जा रही थी। दावत से 100 मीटर दूर सड़क के किनारे दावत में आने वाले लोग ट्रैक्टर के पास जाकर शराब का कार्टन लेकर जा रहे थे। शक होने पर रिपोर्टर के पीछे लगा दीं दो गाड़ियां चितलवाना के चिमड़ावास में छोगाराम के परिवार से प्रत्याशी है। उनके घर नर्मदा नहर की वितरिका पर रोज शराब बांटी जा रही थी। एक गाड़ी में भरकर शराब लाई गई। वहीं लोग बैठकर शराब पी रहे थे। रिपोर्टर की गाड़ी पहुंची तो उनके घर के पास से सर्मथकों ने दो कारें पीछे लगा दी। प्रत्याशी का बेटा बोला-1 लाख की शराब पिला रहे, 7 लाख रुपए हर रोज खर्च रामजी का गोल में दूसरे प्रत्याशी भारताराम भी इस तरह अपने घर पर दावत कर रहा था। यहां पर 1 हजार लोग के करीब पहुंच रहे थे। रिपोर्टर ने चुनाव प्रचार-प्रसार करने वाला बनकर बात की। रोज का खर्चा पूछा तो बेटा बोला -रोज 7 लाख रुपए खर्च हो रहे हैं। इसमें 1 लाख रुपए की शराब पिलाई जा रही है। 2.80 लाख रुपए का रोज पेट्रोल-डीजल भरा रहे हैं। चुनाव में 4 करोड़ रुपए खर्च होंगे।