राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से बुधवार को कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती का प्रारंभिक परिणाम जारी किया गया। इसमें करीब आधे पद खाली रहने की नौबत आ गई है। बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक (बीसीआई) भर्ती में 3629 पद है और वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती में 322 पद हैं। इन पदों में से बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक (एससीआई) भर्ती में करीब 1800 पद है और वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती में करीब 66 पद खाली रहेंगे। जो पद खाली रह रहे हैं उनमें ज्यादातर पद बैकलॉग वाले हैं। भास्कर ने पहले ही बता दिया था कि बोर्ड की ओर से 4 नवंबर को भर्ती का परिणाम जारी किया जाएगा। बोर्ड की ओर से जारी परिणाम के अनुसार बीसीआई में नॉन टीएसपी में 2936 पदों पर 2479 अभ्यर्थियों को और टीएसपी में 693 पदों पर 122 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए पात्र घोषित किया गया है। इसी तरह एससीआई में नॉन टीएसपी में 288 पदों पर 414 और टीएसपी में 34 पदों पर 23 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और पात्रता जांच के लिए सूचीबद्ध किया है। बीसीआई और एससीआई भर्ती में दो-दो पेपर होते हैं। अभ्यर्थियों को दोनों प्रश्नपत्रों में अलग अलग 40-40 प्रतिशत अंक प्राप्त करने जरूरी है। अभ्यर्थी इन प्रश्न पत्रों में अलग-अलग 40-40 प्रतिशत अंक प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए भर्ती में पद खाली रह रहे हैं। चार साल पहले हुई भर्ती में भी पद खाली रह गए थे। पद खाली रहने से बेरोजगारों में निराशा राजस्थान बेरोजगार यूनियन के अध्यक्ष हनुमान किसान का कहना है कि भर्ती में आधे पद खाली रहना बड़ी बात है। यह साफ हो गया है कि भर्ती का युवाओं को फायदा नहीं मिला। जो पद थे वे केवल बैकलॉग के थे और खाली भी यही रहे हैं। अगर शिक्षा विभाग स्टाफिंग पैटर्न लागू करता तो स्कूलों में कंप्यूटर अनुदेशक के 7 हजार नए पद सृजित होते। इससे इन पदों पर भर्ती निकलती और युवाओं को फायदा होता। पिछली भर्ती में 4 हजार से अधिक पद रह गए थे खाली राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से चार साल पहले हुई बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती में भी पद खाली रह गए थे। तब 9862 पदों के लिए भर्ती हुई थी। इसके प्रारंभिक परीक्षा परिणाम में 5847 कैंडिडेट्स ही दस्तावेज सत्यापन के लिए पात्र घोषित हुए थे। बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक के 4015 पद खाली रह गए थे। इसका बड़ा कारण था कि भर्ती के दोनों प्रश्न पत्रों में अलग-अलग 40-40 प्रतिशत अंक लाना जरूरी था। दोनों पेपरों में अभ्यर्थी इतने अंक नहीं ला पाए थे। महिला पर्यवेक्षक भर्ती का परिणाम भी जारी बोर्ड ने 72 पदों की महिला पर्यवेक्षक भर्ती का भी प्रारंभिक परिणाम जारी किया है। इसमें 173 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए सूचीबद्ध किया गया है।