झुंझुनूं जिले के चिड़ावा में बेकाबू बोलेरो आगे चल रही बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में घुस गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसा शनिवार रात 9 बजे चिड़ावा थाना इलाके में सिंघाना रोड पर गाडाखेड़ा पुलिस चौकी के पास हुआ। चिड़ावा में ढाढ़ोत गांव निवासी दीपक(26) और विकास (30) की मौत हुई है। दोनों गुरुग्राम (हरियाणा) में ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करते थे। दोनों गांव आए हुए थे। पहले देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS… गांव लौटते वक्त हुआ हादसा एएसआई अनिल ने बताया- ढाढ़ोत गांव निवासी दीपक, सचिन, अंकुश और विकास किसी काम से चिड़ावा आए थे। शनिवार रात चारों चिड़ावा से गांव लौट रहे थे। सिंघाना रोड पर गाडाखेड़ा पुलिस चौकी के पास उनकी बोलेरो आगे चल रही बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। सचिन, अंकुश और विकास बुरी तरह घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायलों को चिड़ावा उपजिला अस्पताल लेकर गई। यहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने तीनों को झुंझुनूं रेफर कर दिया। झुंझुनूं ले जाते समय रास्ते में विकास ने दम तोड़ दिया। सचिन और अंकुश का इलाज जारी है। दीपक के चाचा हेतराम ने बताया- दीपक के घर में माता-पिता और भाई-बहन हैं। विकास के परिवार में पत्नी और 4 साल की बेटी है। पुलिस ने बताया कि परिजनों ने मामला दर्ज करवाया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। मामले की जांच जारी है। … यह खबर भी पढ़ें… बेकाबू डंपर घर में घुसा, सो रही मां-बेटी की मौत:मलबे में दब गया परिवार, पिता-बेटा घायल; किसी को संभलने का मौका नहीं मिला डूंगरपुर के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में बेकाबू डंपर सड़क किनारे घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। हादसे में कमरे में सो रही सुशीला मनात (45) और उनकी बेटी राधिका (15) की मौके पर ही मौत हो गई। बेटा महेंद्र और बरामदे में सो रहे पति विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। (पूरी खबर पढ़ें)