चित्तौड़गढ़ में रविवार से शुरू हुए "ब्रिक्स सस्टेनेबल वीक" की शुरुआत लोगों को पर्यावरण से जोड़ने के संदेश के साथ हुई। जिला पुलिस ने इस अभियान की शुरुआत बाइक रैली, शपथ कार्यक्रम और जागरूकता गतिविधियों के जरिए की। पुलिस का मकसद सिर्फ एक रैली निकालना नहीं था, बल्कि लोगों तक यह बात पहुंचाना था कि रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके भी पर्यावरण को बचाने में बड़ी भूमिका निभाई जा सकती है। अभियान की शुरुआत जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर की। रैली में शामिल पुलिसकर्मियों ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लोगों को पर्यावरण बचाने और जिम्मेदारी के साथ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर यह अभियान 1 से 7 नवंबर तक जिलेभर में चलाया जाएगा। शहर के प्रमुख रास्तों से निकली रैली, लोगों तक पहुंचाया संदेश बाइक रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर रोडवेज बस स्टैंड, सुभाष चौक, प्राइवेट बस स्टैंड और सेतु मार्ग से होती हुई वापस कलेक्ट्रेट पहुंची। रास्ते भर लोगों का ध्यान इस अभियान की ओर गया और पुलिसकर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली के जरिए लोगों से अपील की गई कि वे अपने दैनिक जीवन में ऐसे काम करें, जिनसे प्रकृति को नुकसान कम पहुंचे। एसपी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि लोगों में ऐसी सोच विकसित करना है जिससे आने वाले समय में पर्यावरण को बेहतर बनाया जा सके। पुलिसकर्मियों ने ली शपथ, रोजमर्रा की आदतों में बदलाव पर जोर रैली के बाद आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और जवानों को पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान ऊर्जा की बचत, पानी का सही उपयोग, ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने, साफ-सफाई बनाए रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने जैसे विषयों पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण की जिम्मेदारी सिर्फ किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की है। अगर हर नागरिक अपने स्तर पर छोटे-छोटे बदलाव अपनाए तो उसका बड़ा असर दिखाई देगा। पूरे सप्ताह होंगे जागरूकता कार्यक्रम एसपी यादव के अनुसार BRICS Sustainable Lifestyle Week के तहत 7 नवंबर तक जिले में अलग-अलग जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी समझाने, प्राकृतिक संसाधनों का सही उपयोग करने और ऐसी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हो सके। पुलिस का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि लोगों की भागीदारी और रोजमर्रा की अच्छी आदतों से ही संभव है। इसी सोच के साथ पूरे सप्ताह जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।